बिलावर। धार डूगनू इलाके के ग्रामीणों ने सरकार से लो वोल्टेज की समस्या का समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लो वोल्टेज की समस्या से कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
धार डुगनू इलाका 10 किलोमीटर में फैला है। इलाके की आबादी 6000 से अधिक है। लोगों के अनुसार कम क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। लो वोल्टेज की वजह से कई उपकरण नहीं चल पाते हैं, जिससे दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार सरकार विभाग को करवा चुके हैं लेकिन समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि लोग हर महीने बिजली के बिलों का भुगतान करते हैं। इसके बावजूद विभाग समस्या का समाधान नहीं कर रहा। लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए।
स्थानीय निवासी रूपलाल ने बताया कि इलाके में लो वोल्टेज के कारण दिक्कतें उठानी पड़ रहीं। लो वोल्टेज का असर सबसे अधिक विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। क्योंकि रात होने के बाद उन्हें सही प्रकार से बिजली सुविधा नहीं मिल पा रही है।
वार्ड नौ के निवासी सतपाल ने बताया कि बरसात के मौसम में रात के समय लो वोल्टेज के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस उमस भरी गर्मी में सबसे अधिक परेशानी इलाके के बुजुर्गों को उठानी पड़ती है।
स्थानीय महिंद्रा लोड कैरियर चालक रमेश चंद्र ने बताया कि इलाका बहुत बड़ा है। लोगों के घर बड़ी दूरी पर स्थित है। उन्होंने कहा कि कई वर्ष पूर्व बिजली विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए थे। वर्तमान में बिजली के कनेक्शन बढ़ गए हैं। इससे समस्या उत्पन्न हो रही है।
इस संबंध में बिजली विभाग बिलावर के एईई अश्विनी कुमार ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या का समाधान करने के लिए विभाग की ओर से ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट बनाकर भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से राशि स्वीकृत होने के बाद इलाके में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ा दी जाएगी ।