राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कुष्ठ उन्मूलन का संकल्प लेते जिला लेप्रोसी सोसायटी क?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि जिले में कुष्ठ निवारण दिवस के रूप में मनाई गई। रविवार को स्वास्थ्य विभाग के जिला लेप्रोसी सोसायटी की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. समीना वजीर के साथ विभाग के अन्य कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता को श्रद्धासुमन अर्पित किए और सामूहिक रूप से कुष्ठ उन्मूलन के लिए प्रतिबद्धता जताने का संकल्प लिया।
इस मौके पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि रविवार से विभाग की ओर से जिला में कुष्ठ उन्मूलन पखवाड़ा शुरू किया जा रहा है। जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी का प्रभार देख रहे डॉ. राधा कृष्ण के मार्गदर्शन में शुरू होने वाले इस पखवाड़े के दौरान विभाग की टीमों की ओर से जिला भर में जगह-जगह कुष्ठ जागरूकता गोष्ठी आयोजित की जाएगी। जिसमें लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें कुष्ठ रोग की पहचान और उसके इलाज के लिए विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाले मुफ्त इलाज की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि हमारे समाज में कुष्ठ को लेकर जानकारी का अभाव है। कई तरह के भ्रामक दुष्प्रचार के कारण मरीज अपने रोग को छुपाता है। पखवाड़े के दौरान उनका प्रयास होगा कि कुष्ठ को लेकर समाज को ज्यादा से ज्यादा जागरूक किया जा सके।