जंगलोट क्षेत्र से सटे पटियारी गांव में हर हर महादेव क्रिकेट प्रतियोगिता जारी
कठुआ। जंगलोट क्षेत्र से सटे पटियारी गांव में हर हर महादेव क्रिकेट प्रतियोगिता जारी है। वीरवार को भारी बारिश के कारण सुबह के सत्र में होने वाला मुकाबला स्थगित रहा जबकि दोपहर के बाद सत्र में खेला गया दिन का एकमात्र मुकाबला खजूरिया इलेवन ने अपने नाम किया है।
प्रतियोगिता के तहत होने वाले मुकाबले में दिन का एक मात्र मैच खजूरिया इलेवन और अतुल इलेवन के बीच हुआ। इसमें खतूरिया इलेवन की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए धमाकेदार 136 रन बनाए। 137 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी अतुल इलेवन की टीम के बल्लेबाज खजूरिया इलेवन की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नही पाए। एक-एक कर होने वाले विकेटों के पतन के कारण पूरी टीम आठवें ओवर में 109 रन बना कर सिमट गई। इस कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में खजूरिया इलेवन के हरफनमौला खिलाड़ी शिल्ला को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। जिन्होंने बल्ले से 52 रन बना और दो विकेट भी हासिल किए।