संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। जरा सी बारिश होने के बाद दूरदराज क्षेत्रों को जोड़ने वाली धार डूगनु सड़क पर फिसलन बढ़ जाती है। इससे अक्सर यातायात प्रभावित हो जाता है। इस संदर्भ में कई बार लोक निर्माण विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यह बातें धार डूगनू इलाके के पंचायत प्रतिनिधियों ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं।
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क के छठे और सातवें किलोमीटर पर पानी की निकासी के प्रबंध नहीं किए गए हैं, नतीजतन बारिश का पानी सड़क से होकर बहता है। इस वजह से सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है। उन्होंने कहा कि इस सड़क के माध्यम से बिलावर विधानसभा क्षेत्र, बनी विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ बसोहली विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांव जुड़ते हैं। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग ने सड़क की मरम्मत नहीं कराई। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों के बाद इलाके के अलग-अलग गांवों में वार्षिक दंगल आयोजित किए जाएंगे और कई इलाकों के पहलवानों के साथ-साथ कई लोग दंगल देखने के लिए उनके इलाके में पहुंचेंगे। पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा के कई बार समस्या के बारे में अवगत करवाने के बाद भी लोक निर्माण विभाग ने आज तक सड़क की मरम्मत नहीं की। पंचायत प्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द धार डूगनु सड़क की मरम्मत करवाई जाए। पत्रकार वार्ता में सरपंच कुलदीप कुमार, नायब सरपंच मस्तराम, पंच मनोहर लाल, पंच वंदना देवी, पंच दर्शन देवी, पंच बलबीर सिंह आदि मौजूद रहे। इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग बिलावर के अधिशाषी अभियंता कुलदीप कुमार से जानकारी हासिल के लिए उनके मोबाइल फोन पर संपर्क किया तो अधिकारी ने कोई भी जवाब नहीं दिया।