करवाचौथ पर बाजार में खरीदारी करती महिलाएंसंवाद
मनियारी की दुकानों में की जमकर खरीदारी
बिलावर। करवाचौथ से पहले बुधवार को बिलावर कस्बे के मुख्य बाजार में महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। मनियारी की दुकानों पर महिलाओं ने खरीदारी की। इलाके के अलग-अलग बाजारों में भी भीड़ रही। इस दौरान सुहागिनों और युवतियों को मेहंदी लगवाने के लिए ब्यूटी पार्लर के बाहर इंतजार करना पड़ा।
सुहागिनें सजने संवरने के लिए बाजारों में उपलब्ध चूड़ियां अपने लिबास से मैचिंग करके खरीदारी करती रहीं। दुकानदार देशराज, अमन गुप्ता और रवि ने बताया कि दो दिन पहले बारिश का दौर जारी रहने से बाजार सुनसान रहे लेकिन बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं बाजार में चूड़ियां खरीदने के लिए पहुंच रही हैं। दुकानदार राकेश कुमार ने कहा कि इस बार सुहागिनों के लिए राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात से चूड़ियों की कई प्रकार की वैरायटी मंगवाई गई है जो महिलाओं को खूब भा रही है। दुकानों पर महिलाओं की इतनी भीड़ रही कि उन्हें चूड़ियां खरीदने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। इसी प्रकार बिलावर कस्बे की कपड़ा मार्केट में भी दिन भर महिलाओं की चहलकदमी जारी रही।
महिलाओं ने लहंगा, गाउन सूट व चूड़ियों की खरीदारी की। उधर, सराफा दुकानों पर भी कई महिलाओं ने चांदी और सोने के गहनों की खरीदारी की। इसके साथ-साथ मिठाई की दुकानों और फल विक्रेताओं के स्टालों पर लोगों ने मिठाई और फलों की खरीदारी की।