कठुआ। जिले में लोगों को डेंगू के डंक लगने का सिलसिला बना हुआ है। विभाग की ओर डेंगू के मामलों को लेकर जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को सात नए मामलों के आने से जिले में अब तक डेंगू के कुल पॉजीटिव आए मरीजों की संख्या 561 हो गई है।
हालांकि इनमें से 421 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। विभाग के अनुसार राहत की बात यह है कि अब तक कोई मौत दर्ज नहीं की गई है। रिपोर्ट के अनुसार सामने आए सभी सात नए मरीजों में तीन मरीज कठुआ शहर के विभिन्न वार्डों से आए है। जबकि अन्य ग्रामीण क्षेत्र से पाए गए है। उधर, 06 मरीजों को इलाज के लिए जीएमसी कठुआ में भर्ती किया गया है। अन्य को उनके अपने घर पर ही इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है। नए मरीजों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर सेडेंगू प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया है, जिसमें मरीजों के घरों के आसपास 50 से अधिक घरों में मच्छरोधी कीटनाशक छिड़काव किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कठुआ ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और बुखार या अन्य लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं। संवाद