स्वास्थ्य विभाग ने तेज की निगरानी और स्प्रे गतिविधियां
कठुआ। जिले में डेंगू के मामलों में होने वाली बढ़ोत्तरी थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में 12 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके साथ जिले में अब तक सामने आए डेंगू के मरीजों की संख्या 514 हो गई है। हालांकि इनमें से 362 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सामने आने वाले नए 12 मरीजों में महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं। इसमें सात मरीज कठुआ शहर के जबकि अन्य आसपास के गांवों से बताए गए हैं। इसमें तीन मरीजों को जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है। इसमें एक 24 वर्षीय महिला सहित 25 वर्षीय युवक और 12 वर्षीय बालक शामिल है। इनकी हालत स्थिर बताई गई है। उधर, नए मामलों के आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में अभियान चलाया है। शहर के वार्ड नं. 6, 8, 9, 10, 18, कबीर नगर के अलावा जगतपुर, पल्ली, बुद्धि, बरवाल, हमीरपुर और गरनियाड़ी में 50 से अधिक घरों में मच्छररोधी स्प्रे किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कठुआ ने आमजन से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई रखें, पानी जमा न होने दें और किसी भी बुखार की स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।