चड़वाल पुलिस ने मुक्त करवाए 19 मवेशी, दो तस्कर गिरफ्तार
ट्रक से तीन नंबर प्लेट बरामद, आरोपी डोडा और किश्तवाड़ के रहने वाले
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। चड़वाल पुलिस ने नमक की आड़ में मवेशी तस्करी के प्रयास को विफल किया है। इस दौरान ट्रक में लदी नमक की बोरियों के पीछे छिपाए 19 मवेशियों को मुक्त करवाते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, ट्रक से तीन फर्जी नंबर प्लेटें भी बरामद की हैं। आरोपियों की पहचान सेवा सिंह निवासी डोडा और असगर हुसैन निवासी किश्तवाड़ के रूप में हुई है।
ट्रक से बरामद नंबर प्लेट से साबित होता है की फर्जी नंबर लगाकर पशु तस्करी को अंजाम दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी संदीप शर्मा ने टीम के साथ मुख्य चौक में नाका लगा कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान एक नमक की बोरियां लदे ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान इसमें 19 मवेशी मिले। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर दो लोगों को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मुक्त करवाए गए मवेशियों को किड़ियां गोशाला में भेज दिया गया। वहीं, धारा 188, 11 पीसीए एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।