कठुआ नगर परिषद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को जूट के बैग वितरित करते नगर परि?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। प्रधानमंत्री के आह्वान पर शहर को पॉलिथीन मुक्त बनाने के लिए कठुआ नगर परिषद कार्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। नगर परिषद के प्रधान नरेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ संवाद आयोजित किया गया। जिसमें शहर की सफाई व्यवस्था के साथ पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली पॉलिथीन के उपयोग को बंद करने के लिए उनका सहयोग मांगा गया। वहीं इस मौके पर सभी को जूट के बैग वितरित किए गए।
इस मौके पर नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक अबरोल ने विद्यार्थियों को पॉलिथीन के उपयोग से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सिंगल यूज होने के कारण इससे कस्बे की सफाई व्यवस्था पर भार बढ़ता है। वहीं इसके निस्तारण में भी कई तरह की परेशानियां हैं। लिहाजा इसका उपयोग हमें खुद बंद करना होगा। वहीं नगर परिषद के प्रधान ने कहा कि कठुआ शहर से प्रतिदिन निकलने वाले करीब 35 टन कचरे में लगभग 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा इसी पॉलिथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक से बना हुआ होता है। जो कि लोगों द्वारा एक बार इस्तेमाल के बाद फेंक दिया जा रहा है। जिसके कारण जगह-जगह नालियों के बहाव रुक रहा है और मक्खी-मच्छर भी इसी के कारण पैदा हो रहे है। रोज निकलने वाले पॉलिथीन से शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में कई परेशानी का सामना करना पड़ता है। लिहाजा अब समय आ गया है कि हम इस समस्या के प्रति खुद तो जागरूक हो साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इस समस्या के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी इस कार्य में परिषद के राजदूत बनें तो हम इसे पूरी तरह से रोक सकते है और इस उम्मीद के साथ आज लोगों को जूट के बैग भी वितरित किए जा रहे हैं। लिहाजा वह जब भी बाजार में कोई सामान लेने के लिए जाएं तो पॉलिथीन के बैग में सामान लेने के बजाए इन जूट के बैगों का इस्तेमाल करें।