दिल्ली और जेके पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई, भागथली से पकड़े गए आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। दिल्ली के द्वारिका नॉर्थ क्षेत्र में हुई लूटपाट की वारदात में शामिल तीन आरोपियों को लखनपुर के भागथली इलाके से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद जम्मू-कश्मीर में आकर छिपे हुए थे।
पिछले दो दिनों से दिल्ली पुलिस के इनपुट पर लखनपुर पुलिस ने प्रदेश से बाहर जाने वाले रूट पर निगरानी और पुलिस की तैनाती बढ़ा दी थी। वीरवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस टीम अपराधियों का पीछा करते हुए भागथली इलाके तक पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिस और अपराधियों के वाहन के बीच लंबी दौड़ चली। अपराधियों ने पुलिस वाहन को भी टक्कर मारी और इसके बाद अपना वाहन छोड़कर भागने लगे। एक अपराधी को पुलिस ने नजदीक के एक घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान साहिल दब्बर निवासी वार्ड 9 चरखी दादरी हरियाणा, हिमांशु (24) निवासी रेवाड़ी हरियाणा और अंशुल निवासी वार्ड 9 चरखी दादरी हरियाण के रूप में हुई है।
डीएसपी भगवान दास ने बताया कि दिल्ली पुलिस से जम्मू-कश्मीर पुलिस को आरोपियों की गतिविधियों संबंधी इनपुट मिले थे। इसके बाद लखनपुर क्षेत्र में विशेष निगरानी और नाकाबंदी शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी के अनुसार तीनों आरोपी कश्मीर के सोपोर क्षेत्र गए हुए थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि बुधवार सुबह साढ़े चार बजे आरोपियों ने नाशरी टनल पार किया था। इसके बाद पुलिस ने लखनपुर में नाका लगाया लेकिन उस समय उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
वीरवार शाम को जब तीनों आरोपी भागथली नाके के रास्ते पंजाब में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे तब पुलिस ने उनके वाहन का पीछा किया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया। बाद में आरोपी वाहन छोड़कर एक घर में घुस गए जहां पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। फिलहाल दिल्ली पुलिस और स्थानीय पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही है। डीएसपी भगवान दास ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दिल्ली के द्वारका नॉर्थ पुलिस स्टेशन में पहले से एफआईआर दर्ज है और मामले की जांच जारी है।
लखनपुर पुलिस ने अपनाई रणनीति, नहीं निकल पाए आरोपी
लखनपुर पुलिस ने बताया कि लूट मामले के वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को लखनपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न एग्जिट प्वाइंट पर तैनात किया गया था। संभवत आरोपियों के पास इनपुट थे। ऐसे में वे नाशरी टनल को एक दिन पहले पार करने के बाद भी लखनपुर तक नहीं पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें झांसा देने के लिए नफरी कम कर दी। अपराधी इस झांसे में आ गए और फिर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपियों को दिल्ली पुलिस की टीम अपने साथ ले गई।