प्रशासन पर लगाया वादाखिलाफी करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। बनी के गत्ती पंचायत के बांध प्रभावित परिवारों ने उपमंडल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इलाके में जलविद्युत परियोजना बांध बनाने से पहले प्रभावित परिवारों से किए गए वादे प्रशासन ने पूरे नहीं किए इससे लोगों में रोष है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गत्ती पंचायत में बने जलविद्युत परियोजना बांध से करीब 120 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है। परियोजना के लिए जिन परिवारों की जमीन पानी में डूब गई है वे आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। प्रभावित परिवारों ने रविवार को प्रदर्शन कर सरकार पर वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि बांध निर्माण के दौरान सरकार ने उनसे आश्वासन दिया गया था कि उनके बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था, मुफ्त बिजली, स्वच्छ पेयजल, बेहतर सड़कें और स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, लेकिन वर्षों बीत जाने के बावजूद इन वादों पर अमल नहीं हुआ।
प्रदर्शन में पहुंचे ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष लेखराज सुंदरम ने लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रभावित परिवारों के साथ अन्याय हो रहा है और सरकार को तुरंत समस्याओं का समाधान करना चाहिए। सुंदरम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन शर्तों और सुविधाओं का वादा प्रभावित परिवारों से किया गया था उन्हें हर हाल में पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि बांध प्रभावित परिवारों के लिए किए गए समझौते को तत्काल लागू किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपना आंदोलन तेज करेंगे।