लंबे समय से बारिश नहीं होने से सूखे किसानों के खेत
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष गुप्ता ने गेहूं की फसल को सूखे से बचाने के लिए रावी और सहायक नहरों में तुरंत पानी छोड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिले में लंबे समय से बारिश नहीं होने से किसानों के खेत सूख चुके हैं और किसान भारी चिंता में हैं। सूखे की मार झेल रहे किसानों की गेहूं की फसल अब बर्बादी की कगार पर पहुंच चुकी है।
जल्द सिंचाई की व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। गुप्ता ने बताया कि जिले में हजारों हेक्टेयर भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल पानी की कमी से प्रभावित है। विशेषकर कंडी क्षेत्र के किसान सबसे अधिक संकट में हैं। उन्होंने कहा कि समय पर पानी न मिलने से फसल पूरी तरह नष्ट हो सकती है जिससे किसानों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ेगा। उन्होंने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और उपायुक्त राजेश शर्मा से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नहरों में पानी छोड़ने का आग्रह किया।
गुप्ता ने कहा कि जिले भर में 40 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खड़ी गेहूं की फसल पानी की कमी से प्रभावित हो रही है। इसमें एक बड़ा हिस्सा सिंचाई के लिए नहरों पर निर्भर है। अगर समय से पहले मार्च में ही नहरों में पानी छोड़ा जाता है तो निचले इलाके के किसानों को गेहूं की फसल बचाने में मदद मिलेगी।