कठुआ। जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध अतिक्रमणों को हटाने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। यह निर्देश हीरानगर में कार्रवाई और इसमें हुए जमकर हंगामे के बाद सामने आए। मंगलवार को जिला मजिस्ट्रेट राजेश शर्मा ने जारी आदेश के बाद लखनपुर से लौंडी मोड़ तक फैले राजमार्ग खंड पर अतिक्रमण हटाने के आदेश लागू किए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राजमार्ग किनारे बने अस्थायी और स्थायी ढांचे, ठेले-खोखे, होर्डिंग्स और मलबा डालने जैसी गतिविधियां यातायात में बाधा डाल रही हैं और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। इसी कारण सभी अतिक्रमणकारियों को तुरंत अपने ढांचे हटाने के निर्देश दिए गए।
अनुपालन न करने पर प्रशासनिक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर राजमार्ग को मुक्त कराया जाएगा। हटाने और तोड़फोड़ की लागत अतिक्रमणकारियों से भूमि राजस्व की तरह वसूली जाएगी। पुलिस विभाग को अभियान के दौरान पर्याप्त बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद