कठुआ। उपायुक्त राजेश शर्मा ने कैपेक्स बजट, विधायक निधि और पूंजी निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता के तहत जिले भर में चल रहे विकास कार्य की समीक्षा की। सोमवार को हुई बैठक में उपायुक्त ने सभी कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने विभागवार चल रही परियोजनाओं का आकलन करते हुए कार्यकारी एजेंसियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को निर्देश दिए हैं, ताकि आम जनता को लाभ मिल सके।
उपायुक्त ने अधिकारियों को वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में किसी भी नई भौतिक या वित्तीय देनदारी से परहेज करने को कहा है। उन्होंने कहा कि आगामी 15 मार्च तक सभी बिलों का समय पर निपटान किया जाए। इससे कोषागारों में अंतिम समय की भीड़ से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि निर्देशों की अनदेखी या कार्यों में देरी के कारण यदि कोई देनदारी अगले वित्तीय वर्ष में स्थानांतरित होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण स्थलों का दौरा कर जमीनी स्तर पर कार्यों की निगरानी करने और उनमें आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों के निष्पादन पर कड़ी नजर रखने और गुणवत्तापूर्ण मानकों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी है। बैठक में जिला अतिरिक्त विकास आयुक्त सुरिंद्र मोहन शर्मा, मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर, सहायक आयुक्त विकास, मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अलावा विभिन्न विभागों के कार्यकारी अभियंता और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।