कठुआ। राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल गुजरु नगरोटा की दो छात्राएं गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड का हिस्सा बने। नीति आयोग के अटल इनोवेशन मिशन के तहत तीन दिवसीय कार्यक्रम में शामिल साक्षी ठाकुर और पायुक्षी मगोत्रा ने अटल टिंकरिंग लैब से इस परेड का न्योता हासिल किया। इस मौके पर उनके साथ अटल टिंकरिंग लैब के प्रभारी जगजीत सिंह और मेंटर शिवानी वर्मा भी उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत 24 जनवरी 2026 को हुई थी। पहले दिन देशभर से आए छात्र प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं राष्ट्रपति भवन का भ्रमण कर देश के लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और समृद्ध विरासत की जानकारी ली। अगले दिन विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र का दौरा कर वैज्ञानिक नवाचारों और प्रयोगात्मक प्रदर्शनों का अवलोकन किया। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ हाई-टी कार्यक्रम में भाग लेकर छात्रों को प्रेरणा मिली और आखिरी दिन कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड कार्यक्रम का हिस्सा बने।