प्रत्येक प्रयोगशाला पर खर्च होगा 18 लाख, पुस्तकालय कक्ष पर खर्च होगा 24.84 लाख की राशि
हायर सेकेंडरी स्कूल कान्हा चक, चंदवा व हीरानगर में बढ़ेगी ढांचागत सुविधा
कठुआ। जिले के तीन हायर सेकेंडरी स्कूल में शैक्षणिक ढांचे को मजबूत करने के लिए शिक्षा विभाग ने समग्र शिक्षा के तहत चार प्रयोगशाला कक्ष और एक दो पुस्तकालय कक्ष की निर्माण करने की मंजूरी दी है। यह सुविधाएं हायर सेकेंडरी स्कूल कान्हा चक, गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल हीरानगर और हायर सेकेंडरी स्कूल चंदवा में बढ़ाई जाएंगी।
जानकारी के अनुसार तीनों स्कूलों में ढांचागत सुविधा बढ़ाने के लिए लगभग 1.22 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसमें से तीन-तीन प्रयोगशाला कक्ष और एक पुस्तकालय कक्ष सिर्फ भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटी सेकेंडरी स्कूल कान्हा चक में बनाईं जाएंगी। इस स्कूल में भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान की प्रयोगशाला का निर्माण किया जाएगा। इसमें कुल 78 लाख की राशि खर्च होगी। गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल हीरानगर में 24 लाख 84 की राशि से एक पुस्तकालय कक्ष का निर्माण किया जाएगा। चंदवा सेकेंडरी स्कूल में 18 लाख से केवल एक जीव विज्ञान विषय की एक प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है।
सेकेंडरी स्कूल कान्हा चक का दर्जा बढ़ाए जाने के बाद नहीं थी सुविधाएं
भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटी सेकेंडरी स्कूल कान्हा चक का वर्ष वर्ष 2012 में दर्जा बढ़ाने के बाद से तीन प्रयोगशालाओं की सुविधा नहीं थी। दरअसल, वर्ष 2008 में मिडिल स्कूल कान्हा चक का दर्ज बढ़ा कर पहले इसे हाई स्कूल और फिर हायर सेकेंडरी तो बना दिया गया लेकिन ढांचागत विकास में कोई परिवर्तन नहीं किया गया। इसके चलते वहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों खासकर विज्ञान विषयों को बिना प्रयोगशालाओं से उनकी पढ़़ाई प्रभावित हो रही थी। हायर सेकेंडरी का दर्जा मिलने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से एक मंजिला इमारत में 10 कक्षा कक्ष बनाने का निर्णय आठ साल पहले लिया गया था लेकिन राशि के अभाव में अभी तक निर्माण कार्य अधर में लटका पड़ा है। इसको लेकर कई बार स्कूल प्रशासन और ग्रामीण विभिन्न मंचों पर इसी आवाज उठा चुके हैं।
कोट
सेकेंडरी स्कूल का दर्जा बढाएं जाने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से तीन प्रयोगशालाओं और एक पुस्तकालय निर्माण का निर्णय लिया गया है जो स्वागत योग्य है। इससे विज्ञान के विद्यार्थियों की बेहतर सुविधाएं मिल पाएगी। शिक्षा विभाग और लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य को लेकर निरीक्षण किया जा चुका है। उम्मीद है कि जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा।
- प्यार सिंह, प्रधानाचार्य हायर सेकेंडरी स्कूल कान्हा चक