कठुआ। औद्योगिक क्षेत्र घाटी से सटे नन्नन, पल्लड़, पंदराड और प्रन्नन के इलाकों में पुलिस ने दबिश देकर 1700 लीटर कच्ची लाहन और आधा दर्जन भट्ठियों को नष्ट किया है।
इसके अलावा पुलिस नन्नन गांव के तलाब के नजदीक एक व्यक्ति को 10 लीटर देसी शराब सहित गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस आरोपी शराब तस्कर के खिलाफ आबकारी मामले में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार घाटी आउट पोस्ट के प्रभारी रजत कोतवाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इलाके में अवैध तरीके से शराब बनाने और उसका कारोबार करने वालों के खिलाफ कई जगहों पर दबिश दी है। मौके पर पुलिस ने शराब बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री सहित ड्रम और भट्टियों को नष्ट किया गया। हालांकि अवैध तरीके से लाहन तैयार करने में जुटे आरोपी पुलिस को देख मौके पर फरार होने पर कामयाब रहे। बताया जा रहा है कि शराब तस्कर अवैध तरीके से शराब बनाकर उसे औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों को बेचने की फिराक में रहते हैं। चौकी प्रभारी रजत कोतवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में बड़ी मात्रा में अवैध तरीके से शराब का कारोबार चल रहा है। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग इलाकों दबिश देकर इन भट्ठियों को नष्ट किया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि अगर इलाके में कहीं भी इस तरह का मामला सामने आए तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।