प्रवेशद्वार लखनपुर से प्रवेश पाने वाले वाहनों की हो रही गहन जांच
कठुआ। जिले के पहाड़ी व कंडी क्षेत्र में हाल ही में देखी गई संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने जिले भर में कई जगहों पर चौकसी बढ़ा दी है। इसके चलते प्रवेशद्वार लखनपुर से सड़क मार्ग से जम्मू-कश्मीर में प्रवेश पाने वाले वाहनों की पुलिस नाके स्थापित कर गहन जांच कर रही है।
रेलवे मार्ग से आने वाले लोगोंं की अलग-अलग स्टेशनों के बाहर भी जांच एजेंसी अलर्ट दिखाई दी। पिछले दो दिनों से हीरानगर के कंडी इलाके और पहाड़ी उपजिला बिलावर के जंगलों में संदिग्धों की गतिविधियों को देखते हुए शनिवार को सुरक्षाकर्मी चौकस दिखे। पुलिस कर्मियों ने जगह-जगह नाके लगाकर प्रदेश में आने और जाने वालों वाहनों की गहन जांच की। रेलवे मार्ग से आने वाले लोगों पर की निगरानी की जा रही है ताकि किसी तरह की स्थिति पर समय रहते कार्रवाई की जा सकी। इसके अलावा जिले के विभिन्न रूट पर नाके सक्रिय कर हर आने जाने वाले व्यक्ति की जांच की जा रही है। अंतरराज्यीय नाकों पर भी पहरा बढ़ा दिया गया है। लखनपुर से लेकर अटल सेतु, नगरी से लेकर कोट पुन्नू और हीरानगर से अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगने वाले इलाकों में भी नाके सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।