कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज रामकोट में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने में जम्मू-कश्मीर के युवाओं की भूमिका पर एक सेमिनार करवाया गया। वीरवार को आयोजित इस संगोष्ठी में कॉलेज के विभिन्न खासकर प्रथम, तृतीय और पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसमें प्रतिभागियों ने भारत को सशक्त बनाने और 2047 तक विकसित भारत के विजन को साकार करने में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर के युवाओं में उद्यमशीलता की भावना विकसित करके और केसर, लैवेंडर और मशरूम की खेती जैसे विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार पैदा करने पर जोर दिया। इससे युवाओं को न केवल समाज में बढ़ते नशे से दूर रखा जा सकता है, बल्कि एक नशा मुक्त भारत का भी निर्माण किया जा सकता है। प्रतियोगिता में बीए सेमेस्टर तृतीय की जानवी देवी प्रथम, बीए सेमेस्टर पंचम की सुलेखा देवी द्वितीय और साक्षी देवी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, प्रतियोगिता का मूल्यांकन आईक्यूएसी संयोजक प्रोफेसर पंकज नंदन और प्रोफेसर वसुंधरा राजे ने किया। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस पीओ प्रो. अनु शर्मा की ओर से किया गया।