बैंक में पुलिस टीम जांच करती हुई।
- फोटो : kathua news
कठुआ। पंजाब सीमा से सटे गांव कीड़ियां गंडियाल की जम्मू-कश्मीर बैंक शाखा में चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया है। बैंक की दीवार तोड़कर भीतर घुसे चोर स्ट्रांग रूम के लॉकर को नहीं तोड़ पाए। इसके चलते बड़ा नुकसान होने से बच गया। उधर, वारदात को अंजाम देने वाले चोर सीसीटीवी में दिखाई दिए हैं। इसकी पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला बीती बुधवार देर रात का है। वारदात को अंजाम देने पहुंचे चोर बैंक की पिछली दीवार को तोड़कर भीतर घुस गए। बैंक प्रबंधन के अनुसार, वीरवार सुबह 10 बजे जैसे ही स्टाफ शाखा में पहुंचा और उन्होंने पाया कि बैक की दीवार टूटी हुई है। कुछ देर में समझ आ गया कि बैंक में चोरी का प्रयास हुआ है। इसके बाद बैंक कर्मियों ने इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाने में दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सीसीटीवी से लेकर अन्य पहलू की जांच की, लेकिन अभी तक कोई भी सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन इलाके में चोरी की वारदातों में इजाफा हुआ है। हाल ही में स्थानीय लोगों ने एक खेतों में सिंचाई के लिए लगी मोटर को चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया था। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, लेकिन पुलिस है कि उसके हाथ अभी तक कुछ नहीं लगा है। उन्होंने मांग की है कि उनका इलाका पंजाब से सटा हुआ है और देर रात तक अज्ञात लोगों की आवाजाही लगी रहती है। लिहाजा उन्होंने इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि गंडियाल पुलिस चौकी पर नफरी बढ़ाई जाए, ताकि लोगों को चोरी से राहत की सांस मिल सके।