ओपन जिम, लाइब्रेरी, स्वागत द्वार से लेकर सामुदायिक भवन और महिलाओं बुजुर्गों के लिए हॉल भी होंगे तैयार
साहिल खजूरिया
कठुआ। पर्यटन नगरी बनी अब विकसित गांव बनने जा रही है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने बनी को विकसित गांव की सूची में शामिल कर लिया है और इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भी तैयार हो रही है। दो करोड़ रुपये की लागत से बनी का कायाकल्प किया जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी परियोजना के तहत सीनियर सिटीजन और महिलाओं के लिए अलग-अलग हॉल बनाए जाएंगे। युवाओं और बच्चों के लिए 26 लाख रुपये की लागत से ओपन जिम तैयार होगा। इसके अलावा गांव में स्ट्रीट लाइटें, लाइब्रेरी तैयार की जाएगी और 49 लाख की लागत से सामुदायिक भवन भी बनाया जाएगा।
परियोजना में स्वच्छ पेयजल की सुविधा को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत 70 घरों को वॉटर प्यूरिफायर उपलब्ध कराए जाएंगे। बनी के प्रवेश द्वार पर विकसित बनी नाम से एंट्री और स्वागती द्वार स्थापित किया जाएगा। इससे गांव की पहचान और आकर्षण बढ़ेगा। ज्यादातर गांव बिखरी हुई आबादी के साथ हैं। ऐसे में यह परियोजना बनी को एक मॉडल गांव के रूप में स्थापित करेगी। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इन सुविधाओं से न केवल जीवन स्तर सुधरेगा बल्कि पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी।
बनी को विकसित किया जाना इसलिए जरूरी
पर्यटन मानचित्र पर जिले में स्नो फेस्टिवल के साथ अपनी पैठ बनाने में जुटे सरथल और गर्मी के सीजन में प्रस्तावित फेस्टिवल के लिए तैयार ढग्गर को मुख्य रास्ता बनी से होकर जाता है। बनी कस्बे को यहां की लगभग 50 हजार से ज्यादा आबादी का मुख्यालय भी मानती है। यहां से विभिन्न गांव की कनेक्टिविटी के साथ ही जिला मुख्यालय से भी सीधा संपर्क जुड़ता है। लिहाजा बनी कस्बे से सौंदर्यीकरण और मॉडर्न बनाने की यह योजना पर्यटकों को भी आकर्षित करेगी।
कोट
प्रदेश सरकार ने बनी को विकसित गांव के लिए चुन लिया है। इसके लिए दो करोड़ की राशि बनी को मॉडर्न बनाने के लिए खर्च की जाएगी। आधुनिक सुविधाओं के साथ साथ यहां के निवासियों की जरूरतों को भी ध्यान में रखा जाएगा। बनी कस्बे को यहां का मुखड़ा कहा जा सकता है और शुरुआत इसी को बेहतर करने से की गई है।
डॉ. रामेश्वर सिंह, बनी विधायक