चोरों ने ताले तोड़कर लगभग 24 तोले सोना और नकदी उड़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। हीरानगर सब डिवीजन के गांव चक महेशा एक ही रात में तीन घरों से चोरी हो गई और परिवार को इसकी भनक तक नहीं लग पाई। सेंधमारी कर चोर 24 तोले सोना और नकदी लेकर भाग गए। पुलिस टीम ने माैके का दाैरा कर स्थिति का जायजा लिया।
हैरत की बात है कि चोरों ने इन घरों में परिवारों की मौजूदगी के बीच ही सेंध लगाई। साथ के एक घर में भी चोरी का प्रयास किया गया लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। शुक्रवार तड़के गोपालाचक पंचायत के चक महेशा में उस समय हंगामा मच गया जब चोरी की जानकारी एक-एक कर लोगों को लगी।
ग्रामीणों की नींद खुली तो तीन परिवारों के पुश्तैनी सोने और चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ हो चुका था। चोरों ने गांव में तरसेम लाल के घर पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। तरसेम की पत्नी ज्योति देवी ने बताया कि वह कमरे में सोए थे और साथ के ही कमरे में चोरों ने सेंध लगाई। पति ड्राइवर हैं और रात के समय घर पर नहीं थे। उन्होंने बताया कि रानी हार, बालियां, मंगलसूत्र, दो अंगूठियां, सोने की चेन, टीका और नत्थ के अलावा चांदी के आभूषणों को भी चोरी कर लिया। चोरों ने दो हजार नकदी और बच्चे के बैग में रखे सौ साै रुपये भी नहीं छोड़े। घर में घुसे चोरों कमरे के ताले को तोड़कर अलमारी और पेटी को भी अच्छे से खंगाला और कंबल भी ले उड़े।
साथ ही लगते मदन लाल के घर में चोर मुख्य इंट्रेंस से घुसे। यहां लॉबी में परिवार के सदस्य सोए थे लेकिन चोरों ने बड़े इत्मिनान से लॉबी से सटे कमरे से तीन अंगूठियां, दो सोने के कड़े और दो जोड़ी बालियां सहित चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने इसी घर की छत पर परिवार के सदस्यों के यहां भी सेंध लगाई। सोने की बालियां और आभूषण लेकर फरार हो गए। एसडीपीओ बार्डर के साथ राजबाग थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और तथ्य जुटाए हैं। एफएसएल की टीम ने सबूत जुटाए हैं और पुलिस आसपास के इलाकों में भी पूछताछ कर रही है।
यह छोटी-मोटी चोरी नहीं, चार से पांच घरों में लगाई है सेंध : बोबिया के पूर्व सरपंच अशोक शर्मा ने बताया कि यह छोटी मोटी चोरी नहीं है। परिवार के सदस्यों की घर में मौजूदगी में ताले तोड़कर आसपास के चार से पांच घरों में सेंध लगाई है। इसके लिए काफी समय चाहिए। यह एक अकेले आदमी का काम नहीं है। अंदेशा है चोरों ने इन लोगों को बेहोश करने के लिए कुछ इस्तेमाल किया। घनी आबादी वाले इलाके में रात 12 से सुबह 4 बजे के बीच चोरी से लोगों में दहशत है।
शहर में अजीब चोरी, घर की 90 मीटर सर्विस लाइन ले उड़े चोर : कठुआ शहर में चोरी का अजीब मामला सामने आया है। परिवार के लोग घर में नाश्ता कर रहे थे और चोर ने उनके घर के बाहर खंभे से लगी बिजली सर्विस लाइन पर ही हाथ साफ कर दिया। हंस राज शर्मा ने बताया कि 11 बजे के लगभग उन्हें लगा की काफी समय से बिजली नहीं आई है। अन्य घरों में पता किया तो वहां बिजली थी। इसके बाद खंभे से घर के मीटर तक आई बिजली की सर्विसलाइन चेक की तो वहां से तार गायब मिली।