पहले दिन बालटाल और पहलगाम मार्ग से दर्शन के लिए 151 श्रद्धालुओं ने करवाया पंजीकरण
सुबह दस बजे से पौने बारह बजे तक ठप रहा सर्वर, इंतजार में और बढ़ा भक्तों का जोश
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। तीन जुलाई से शुरू होने जा रही श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर अग्रिम पंजीकरण बुधवार से शुरू हो गया। पहले दिन 151 भक्तों ने बालटाल और पहलगाम मार्ग से दर्शन के लिए पंजीकरण करवाया। सुबह यात्रा पंजीकरण साइट लगभग पौने दो घंटे तक ठप रही। इसके बाद इंतजार में भक्तों का जोश और भी बढ़ गया।
कठुआ जिले में श्री अमरनाथ यात्रा पंजीकरण के लिए कठुआ में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा और बिलावर में जम्मू कश्मीर बैंक की शाखा में प्रक्रिया चल रही है। सुबह आठ बजे से ही भक्त बैंक की शाखाओं के बाहर पहुंचना शुरू हो गए थे। कठुआ की पीएनबी शाखा में बैंक की ओर से काउंटर स्थापित कर तैयारी पूरी कर ली गई थी। इसी बीच साइट ठप होने से पंजीकरण सुबह पौने 12 बजे शुरू हो सका। बैंक की ओर से भक्तों की सहूलियत के लिए पहले ही फार्म जमा कर लिए गए थे। इसके बाद साइट चलने के साथ ही हीरानगर के अरूण बाली ने पहला पंजीकरण करवाया। बैंक शाखा प्रबंधक राजेंद्र वर्मा ने अरूण को पंजीकरण सौंपा। इसके बाद एक-एक कर भक्तों के पंजीकरण की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली। बैंक प्रबंधक ने बताया कि पहलगाम रूट से 47 और बालटाल रूट से 64 भक्तों ने पंजीकरण करवाया है। उन्होंने कहा कि भक्तों की सहूलियत के लिए ब्रांच में सभी इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। उधर, भक्तों के जोश से बैंक ब्रांच के बाहर बम भोले के जयघोष लगातार गूंजते रहे।
बाबा बर्फानी के भक्तों के जोश का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे खुद भी पंजीकरण करवा रहे हैं और दूसरों को भी यात्रा के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सबसे पहले पंजीकरण करवाने वाले अरुण बाली ने बताया कि वह 20वीं बार श्री अमरनाथ यात्रा पर जा रहे हैं। सुबह आठ बजे से कतार में लगे थे। साइट कुछ समय नहीं चली और पहले जत्थे में बालटाल मार्ग से दर्शन करेंगे। अब हर बार सुरक्षा के बेहतरीन इंतजाम हैं। सुमित शर्मा निवासी हीरानगर ने बताया कि 22वीं बार बाबा के दर्शन को जा रहे हैं। 15 से 20 लोगों का जत्था एक साथ पंजीकरण करवाता है। यात्रा के समापन के उसी दिन से अगली यात्रा के लिए उत्साह बना रहता है।
दीपक शर्मा निवासी पथवाल ने बताया कि पहले ऑनलाइन पंजीकरण करवाते थे। इस बार खुद पंजीकरण करवाने पहुंचे और यहां भक्तों की भीड़ देखकर जोश और भी बढ़ गया है। 9 अप्रैल को ही मेडिकल सर्टिफिकेट बनवा लिया था। श्राइन बोर्ड ने पिछले कुछ वर्षों में काफी बेहतरीन इंतजाम किए हैं। सुरक्षा के भी अच्छे इंतजाम हो गए हैं। पिस्सू टॉप की कठिन चढ़ाई को कम कर दिया है। घोड़े वालों का मार्ग अलग हो गया है।
बिलावर की जेके बैंक शाखा में 40 श्रद्धालुओं का पंजीकरण
बिलावर। जम्मू-कश्मीर बैंक की बिलावर शाखा में अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पंजीकरण शुरू हो गया । शाखा प्रबंधक बुआ देता ने बताया कि बुधवार को 40 यात्रियों ने पंजीकरण करवाया। इनमें 17 श्रद्धालु पहलगाम मार्ग से जबकि 23 श्रद्धालु बालटाल मार्ग से पवित्र गुफा तक पहुंचेंगे। पहले दिन आठ महिला श्रद्धालुओं और 32 पुरुष श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाया।
अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से की जा रही है। श्रद्धालु श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, देशभर की विभिन्न बैंक शाखाओं में भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।