मरीजों को मिली बड़ी राहत, मंगलवार से सेवाएं होंगी बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। ढाई दिन के अतिरिक्त वेतन और भर्ती नीति बनाए जाने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी हड़ताल अगले तीन हफ्तों के लिए स्थगित कर दी है। इससे पिछले छह दिनों से बेपटरी हुई कठुआ जिले की स्वास्थ्य सेवाएं मंगलवार से फिर शुरू हो जाएंगी। इलाज के लिए दरबदर हो रहे मरीजों के लिए यह बड़ी राहत है।
ज्वाइंट एक्शन कमेटी के बैनर तले चल रहे इस आंदोलन की जानकारी देते हुए जम्मू-कश्मीर मेडिकल इंप्लाइज फेडरेशन के जिला प्रधान नीरज मलागर ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मी लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे थे। लेकिन सरकार की ओर से ध्यान न दिए जाने पर उन्हें हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
मलागर ने कहा कि विधानसभा में भी यह मुद्दा उठाया गया था, जहाँ स्वास्थ्य मंत्री ने पैरामेडिकल स्टाफ की मांग को उचित करार दिया था। बावजूद इसके, पिछले तीस वर्षों से मिलने वाला ढाई दिन का अतिरिक्त वेतन जारी नहीं किया गया। इसी कारण गत बुधवार से पैरामेडिकल स्टाफ ने हड़ताल दोबारा शुरू की, जिससे पूरे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं।
हालांकि सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू ने ज्वाइंट एक्शन कमेटी के पदाधिकारियों से बैठक की। बैठक में मंत्री ने आश्वासन दिया कि ढाई दिन का अतिरिक्त वेतन जारी करने और भर्ती नीति बनाने की मांग को जल्द पूरा किया जाएगा। इसी आश्वासन के बाद हड़ताल को अगले तीन हफ्तों के लिए स्थगित कर दिया गया है।