युवा सेवा एवं खेल विभाग ने सहभागिता बढ़ाने पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र के दौरान करवाई जाने वाली खेल प्रतियोगिता के वार्षिक प्लान को तैयार करने के लिए विभाग के जिला कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। युवा सेवा एवं खेल विभाग के जिला अधिकारी सुनील सिंह संब्याल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान विभाग के गतिविधि प्रभारियों जोनल खेल अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। जिसमें आयोजित होने वाले खेल प्रतियोगिताओं में सहभागिता को बढ़ाने पर विशेष से विमर्श किया गया।
इस मौके पर बताया कि विभाग द्वारा हर वर्ष अपने वार्षिक खेल कैलेंडर के अनुसार 34 अलग-अलग एथेलेटिक्स व अन्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है। जिसमें विभिन्न श्रेणी की दौड़, हाई जंप, लांग जंप, शॉटपुट जेवेलियन थ्रो के अलावा कबड्डी, खो-खो, वालीबॉल व अन्य खेल प्रतियोगिता शामिल होती है। गत वर्ष इस प्रतियोगिताओं में 30201 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इस बार इसे और बढ़ा कर ज्यादा से ज्यादा प्रतिभागियों को मैदान तक पहुंचाकर उनमें खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना होगा।
इस मौके पर युवा सेवा एवं खेल विभाग के गतिविधि प्रभारी प्रवीण सिंह लखनपुरिया ने सभी खेल अधिकारियों को बताया कि हर वर्ष विभाग द्वारा प्रदेश स्तर पर करवाई जाने वाली खेल प्रतियोगिताओं का आगाज अक्टूबर माह से शुरू होता है। लिहाजा हमें अपने इंटर स्कूल और इंटर जोन स्तर के मुकाबलों के कैलेंडर को इस तरह से तैयार करना है ताकि इन प्रतियोगिता का आयोजन इस तरह से हो कि अंतर जिला स्तर पर होने वाले मुकाबलों के चयनित खिलाड़ियों को अभ्यास का भी मौका मिले और वह जिले का नाम रोशन कर सकें।