संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना संबंधी तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान डीसी ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डाला। यह कार्यक्रम डीसी ऑफिस कॉम्प्लेक्स के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण का आयोजन जिला उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा (प्रधान जनगणना अधिकारी) की देखरेख में जनगणना संचालन निदेशालय जम्मू-कश्मीर के सहयोग से किया गया। इस प्रशिक्षण में जनगणना 2027 का अवलोकन, कार्य एवं जिम्मेदारियां, कानूनी प्रावधान, फंड प्रबंधन, जनशक्ति योजना, जनसंपर्क गतिविधियां और महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं व परिभाषाओं पर विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रतिभागियों को सेंसस मैनेजमेंट और मॉनिटरिंग सिस्टम पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इस मौके पर एडीसी विश्वजीत सिंह, जिला सांख्यिकी अधिकारी सिद्धार्थ आनंद, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी शुभम सिंह सहित तहसीलदार व कार्यकारी अधिकारी मौजूद रहे।