कठुआ में सिलेंडर लेने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोगसंवाद
व्यावसायिक सिलिंडर बाजार से गायब, घरेलू पर बढ़ रहा दबाव
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में रसोई गैस को लेकर उपभोक्ताओं में असमंजस और अफरा-तफरी का माहौल है। शुक्रवार को शहर के एलपीजी वितरकों के कार्यालयों में उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी गई। बुकिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिन लोगों को सिलिंडर मिल गए उनके चेहरे पर संतोष दिखा जबकि कई उपभोक्ता खाली हाथ लौटे।
दरअसल, गैस वितरण में स्लॉट बदलाव और बुकिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही सिलिंडर मिलने के नए नियमों ने उपभोक्ताओं को परेशान कर दिया है। ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया सुस्ती जारी है। इस कारण कई उपभोक्ताओं को घंटों प्रयास के बाद भी लाइन व्यस्त मिली। उपभोक्ता विशाल सिंह ने बताया कि वह एक घंटे से अधिक समय से लगातार प्रयास कर रहे हैं लेकिन हर बार ओटीपी के लिए बुकिंग नंबर की लाइन व्यस्त मिल रही है। उन्होंने सरकार से अतिरिक्त बुकिंग नंबर उपलब्ध कराने की मांग की।
उपभोक्ताओं का कहना है कि भले ही गैस की उपलब्धता में कमी नहीं बताई जा रही लेकिन व्यावसायिक सिलिंडरों की सप्लाई रोक रोकने से घरेलू उपभोक्ता खाली सिलिंडर भरवाने के लिए मजबूर हो रहे हैं। कुल मिलाकर रसोई गैस की बुकिंग और वितरण को लेकर उपभोक्ताओं का दिन जद्दोजहद भरा रहा।
कोट
बुकिंग में कोई बड़ी समस्या नहीं है जिन उपभोक्ताओं ने केवाईसी पूरी नहीं की है या जिनका 25 दिन का अंतराल पूरा नहीं हुआ है उनकी बुकिंग स्वीकार नहीं हो रही। शुक्रवार को सिलिंडरों की सप्लाई पहुंची है। रसोई गैस की उपलब्धता की कोई कमी नहीं है।
- तिलक राज भगत, एलपीजी वितरक