मछेडी में लगाए गए शिविर में 200 मरीजों के स्वास्थ्य की हुई जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 121वीं वाहिनी ने वीरवार को मछेडी गांव में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में 200 मरीजों का स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं।
सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत आयोजित किए गए चिकित्सा शिविर का उद्घाटन 121वीं वाहिनी के कमांडेंट अरविंद सिंह ने किया। गर्ल्स हॉस्टल, मछेडी में बी/121 समवाय की ओर से यह शिविर आयोजित किया गया। विपरीत मौसम परिस्थितियों और लगातार हो रही वर्षा के बावजूद सुबह 1100 बजे से शुरू हुए इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। चिकित्सा शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनमोहित शर्मा (मछेड़ी) और डॉ. श्वेता शर्मा (किंडली) के साथ-साथ 121 बटालियन से डॉ. सुधाकर राय, सीएमओ एसजी और सहायक उपनिरीक्षक/फार्मासिस्ट सुरेंद्र कुमार ने ग्रामीणों एवं जरूरतमंद लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया।
सहायक कमांडेंट, 121 बटालियन राम बहादुर ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, स्वच्छता बनाए रखने तथा समय-समय पर चिकित्सकीय जांच कराने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में गांव मछेड़ी के पूर्व सरपंच क्राइम-उल-दीन के साथ पंच और अन्य वरिष्ठ गणमान्य मौजूद रहे। इसमें मछेड़ी, बदोनी, तरफड़, पंजोर, नाटी और दल बजोई सहित आसपास के कई गांवों से आए ग्रामीणों और उनके परिवारजनों ने लाभ लिया।