कठुआ। राइजिंग स्टार कॉर्प्स के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल राजन शहरावत ने कठुआ में आर्सेनल ब्रिगेड और भैरव बटालियन की ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सैनिकों की सराहना करते हुए कहा कि सेना ने युद्ध प्रशिक्षण और ऑपरेशनल तैयारी में आधुनिक तकनीक का बेहतरीन समावेश किया है। उन्होंने जवानों के अटूट संकल्प और भविष्य के युद्धक्षेत्र पर प्रभुत्व स्थापित करने की तैयारी को सराहा।
जीओसी राजन सहारावत ने कहा कि भारतीय सेना लगातार बदलते युद्ध परिदृश्य के अनुरूप खुद को ढाल रही है। आर्सेनल ब्रिगेड और भैरव बटालियन ने जिस तरह तकनीक को प्रशिक्षण और रणनीति में शामिल किया है, वह सेना की दूरदर्शिता और आधुनिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने जवानों की प्रतिबद्धता और अनुशासन को भविष्य की चुनौतियों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
यह दौरा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी अंतरराष्ट्रीय सीमा दौरे से पहले हुआ। ऐसे समय में जब सीमा सुरक्षा और ऑपरेशनल तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पहाड़ी इलाकों में लगातार आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाए जा रहे हैं। जीओसी का यह निरीक्षण बेहद अहम माना जा रहा है। सेना की तैयारियों की समीक्षा से यह स्पष्ट संदेश गया है कि भारतीय सेना हर परिस्थिति में सीमा की सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए तत्पर है।