कठुआ। उपमंडल हीरानगर के एसडीएम कार्यालय को नये सिरे से निर्माण करने की कवायद शुरू हो गई है। नये कार्यालय निर्माण के लिए सरकार ने कैपेक्स बजट से कुल 36 लाख की राशि जारी की गई है। इन निर्माण कार्य को अगले छह महीनों के भीतर पूरा किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार पहले से बने एसडीएम कार्यालय इमारत खस्ताहाल होने और मौजूदा जरूरतों को पूरा नहीं करने को लेकर इस नये सिरे से निर्माण करने का निर्णय लिया गया है। मौजूदा कार्यालय की इमारत को पहले ध्वस्त कर उसकी जगह एक नयी इमारत को बनाया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस दौरान कार्यालय को किसी अन्य जगह स्थानांतरित किया जाएगा। वहीं, निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। वर्तमान में कार्यालय की सीमित जगह और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण आम लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। संबंधित विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नया एसडीएम कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। नये कार्यालय में सब डिविजन मजिस्ट्रेट कार्यालय के अलावा दीवानी मामलों को सुनने के लिए एक कोर्ट रूम के अलावा अन्य अधिकारियों के लिए अलग-अलग कक्ष का निर्माण किया जाएगा। फिलहाल इस कार्यालय को भूतल पर तैयार किया जाएगा। यह कार्यालय इस तरह से तैयार किया जाएगा कि इसके ऊपर भी कार्यालय की जरूरतों को ध्यान में रखकर निर्माण हो सके।
कोट
सरकार से कार्यालय निर्माण के लिए राशि आवंटित होने पर ही निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि अगले महीने से कार्यालय को खाली करवाकर पहले से बनी इमारत को ध्वस्त कर उसकी जगह नई इमारत का कार्य शुरू हो जाएगा। फिलहाल, निर्माण कार्य पूरा करने के लिए छह माह का समय निर्धारित किया गया है।
-मोहम्मद कबीर, सहायक कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग