कठुआ। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राजकीय मिडिल स्कूल धन्ना के शिक्षक कमल खजूरिया को रोटरी क्लब कठुआ की ओर से नेशन बिल्डर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण मुख्य अतिथि तथा मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कमल खजूरिया इससे पहले जिला स्तरीय सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार भी प्राप्त कर चुके हैं। वे गतिविधि आधारित शिक्षण, शैक्षिक भ्रमण और नवीन शिक्षण तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
शिक्षण कार्य के साथ कमल खजूरिया सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और नेकी की दीवार जैसी सामाजिक पहलों में भी सक्रिय योगदान दे रहे हैं। उनके प्रयासों का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना भी रहा है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद कमल खजूरिया ने रोटरी क्लब कठुआ के अध्यक्ष सुभाष शर्मा सहित सभी रोटेरियनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रोत्साहन है और इससे उन्हें शिक्षा एवं समाज के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।