- डीसी कठुआ ने दिखाई हरी झंडी, नशे के खिलाफ जनभागीदारी को बताया सबसे बड़ी ताकत
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान को और गति देते हुए मढ़ीप में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। ब्लॉक विकास कार्यालय परिसर से निकाली जाने जागरूकता रैली को डीसी राजेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विद्यार्थियों, शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने समाज से नशे की बुराई को खत्म करने और स्वस्थ, नशामुक्त वातावरण बनाने का संकल्प दोहराया।
शुक्रवार को निकाली गई रैली में हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और नशे के दुष्प्रभावों को दर्शाने वाले संदेश लेकर निकले प्रतिभागियों ने लोगों को जागरूक किया। रैली के दौरान युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहने और सकारात्मक व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर डीसी राजेश शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ इस मुहिम को सफल बनाने में सामुदायिक भागीदारी की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जागरूकता अभियानों, काउंसलिंग कार्यक्रमों और सभी संबंधित पक्षों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से नशामुक्त समाज बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के प्रबुद्ध लोगों से युवाओं को सही दिशा देने तथा उन पर सतर्क नजर रखने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि जमीनी स्तर पर जागरूकता और समय पर हस्तक्षेप ही नशे के बढ़ते खतरे को रोकने का प्रभावी माध्यम है, जिससे समाज को सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जा सकता है।
उपायुक्त ने रैली में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए सभी से नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के संदेशवाहक बनने और अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर के संकल्प को साकार करने तथा समाज से नशे की बुराई को समाप्त करने के लिए सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
इस अवसर पर एडीसी कठुआ विश्वजीत सिंह, एसडीएम हीरानगर फुलैल सिंह, तहसीलदार मढ़ीन लेख राज, बीडीओ मढ़ीन जावेद इकबाल सहित सिविल, पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।