संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। शहर के वार्ड नंबर-10 में एक 22 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगा लिया। वीरवार देर शाम हुई घटना का पता चलते ही परिजन में हड़कंप मच गया। उन्होंने युवक को उपचार के लिए तुरंत जीएमसी कठुआ पहुंचाया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। युवक की पहचान राहुल कुमार पुत्र खेमराज निवासी चंद्रेचक हीरानगर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में परिवार के साथ शहर के वार्ड -10 में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार वीरवार शाम को युवक ने घर में फंदा लगा लिया। परिजन ने उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद आईसीयू शिफ्ट कर दिया है।
युवक की हालत नाजुक होने के कारण अब तक पुलिस उसकी कोई बयान दर्ज नहीं कर सकी है। ऐसे में उसने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।