शहीद की याद में आयोजित खेल प्रतियोगिता के विजेता को सम्मानित करते हीरानगर विधायक संवाद
शहीद जसवंत सिंह स्मृति में आयोजित दो दिवसीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। हीरानगर उपमंडल के गांव लौंडी निवासी शहीद जसवंत सिंह की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में एसएसएम कॉलेज दीनानगर ने शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की।
सोमवार को फाइनल मुकाबला एसएसएम कॉलेज दीनानगर और भोलेनाथ वॉलीबॉल क्लब जम्मू के बीच खेला गया। इसमें एसएसएम कॉलेज दीनानगर ने 3-0 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। टूर्नामेंट में स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दर्शकों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
विधायक विजय कुमार शर्मा ने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देना सर्वोच्च सेवा है और यह पूरे राष्ट्र के लिए गर्व की बात है। इस अवसर पर शहीद के पुत्र युवराज सिंह ने कहा कि वह अपने पिता की तरह बनना चाहते हैं और अपने पिता के बलिदान पर गर्व है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह टूर्नामेंट उस बहादुर जवान को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया जिन्होंने कठुआ जिले के सुफैन क्षेत्र में आतंकी हमले के दौरान देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। लोगों की भारी संख्या में सहभागिता के कारण यह आयोजन न केवल शहीद के प्रति सम्मान का प्रतीक बना बल्कि युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने का भी माध्यम साबित हुआ है।