कठुआ। बसोहली के विधायक ठाकुर दर्शन सिंह ने रविवार को नई दिल्ली स्थित निवास पर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान विधायक ने बसोहली विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सड़क संपर्क, बुनियादी ढांचा विकास, बिजली एवं पेयजल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण सहित जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
विधायक ठाकुर दर्शन सिंह ने क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को शीघ्र गति देने हेतु केंद्रीय मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने विशेष रूप से दूरदराज़ एवं पहाड़ी क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप का आग्रह किया। सांसद डॉ. जितेंद्र सिंह ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बसोहली क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। विधायक ठाकुर दर्शन सिंह ने कहा कि वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनता की बेहतरी के लिए निरंतर प्रयासरत हैं तथा जनहित के मुद्दों को हर मंच पर उठाते रहेंगे।