ईसा मसीह के बलिदान को किया याद
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। गुड फ्राइडे के अवसर पर शहर के पारलीवंड स्थित सेकर्ड हार्ट चर्च में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान ईसाई समुदाय के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में फादर मैथ्यू ने श्रद्धालुओं को प्रभु ईसा मसीह के बलिदान के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि ईसा ने मानवता के उद्धार के लिए अपना जीवन समर्पित किया। प्रार्थना सभा में बाइबल पाठ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने प्रभु के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए मोमबत्तियां जलाईं और शांति, प्रेम तथा भाईचारे के संदेश को आत्मसात किया। चर्च में गुड फ्राइडे के अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार क्रॉस की आराधना भी की गई जिसमें लोगों ने ईसा मसीह के त्याग को याद करते हुए प्रार्थना की।
इस मौके पर समुदाय के दानिश चीदा ने कहा कि गुड फ्राइडे आत्मचिंतन और त्याग का दिन है। यह दिन हमें सिखाता है कि कठिनाइयों और बलिदान के बावजूद मानवता और करुणा को सर्वोपरि रखना चाहिए।