नवरात्र के लिए ताजा फूलों से सजाया गया सुकराला स्थित महामाई का दरबार। संवाद
- फोटो : Samvad
श्राइन बोर्ड प्रशासन ने यात्रियों की सुविधाओं के लिए कई प्रकार के प्रबंध
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बिलावर। चैत्र नवरात्र से पूर्व उप मंडल बिलावर के धार्मिक स्थल माता बाला सुंदरी और मल माता सुकराला देवी के भवन सज गए हैं। श्राइन बोर्ड के तहत आने वाले इन दोनों देवियों के स्थानों पर प्रशासन ने यात्रियों की सुविधाओं के लिए कई प्रकार के प्रबंध किए हैं।
नवरात्र से पूर्व दोनों धार्मिक स्थलों की सजावट का काम पूरा कर लिया है और दरबार सजकर तैयार हो गए हैं। बुधवार को दोनों देवियों के मंदिरों को आकर्षक रंग बिरंगी चुनरियों से सजाने के लिए सेवक लगे रहे। मंदिर में लगाई गई लाइटों और अन्य व्यवस्थाओं को उचित बनाने के लिए कार्य पूरा दिन जारी रहा। एडीसी विनय खोसला ने बताया कि दोनों देवियों के भवनों को सजा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दोनों भवनों में बैठने की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था और दोनों धार्मिक स्थलों पर नियमित बिजली सप्लाई के आदेश संबंधित विभाग को जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के प्रबंध भी दोनों भवनों में सुनिश्चित किए गए हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को दोनों धार्मिक स्थलों में तैनात किया गया है। यात्रियों के वाहन पार्क करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। अधिकारी ने यात्रियों से आह्वान किया है कि दोनों धार्मिक स्थलों को साफ सुथरा रखने के लिए प्रशासन का सहयोग करें, प्लास्टिक का उपयोग न करें और कचरा इधर-उधर न फेंककर कचरे को कूड़ेदान में ही फेंके।
नवरात्र के लिए ताजा फूलों से सजाया गया सुकराला स्थित महामाई का दरबार। संवाद- फोटो : Samvad