कठुआ। ट्रेन से यात्रा के दौरान कठुआ के रेलवे स्टेशन पर बिछड़े मां और बेटे को मिलाने में उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने अहम भूमिका अदा की है। इसमें टिकट चेकिंग स्टाफ ने ट्रेन में बिछड़े आठ वर्षीय बालक को सुरक्षित उसकी मां से मिलवाया।
रेल प्रशासन के अनुसार घटना 6 फरवरी की है। इसमें वाराणसी से चलकर आने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस में लखनऊ से जम्मू की यात्रा कर रही एक महिला कठुआ स्टेशन पर पानी लेने उतरी, लेकिन ट्रेन चलने से पहले दोबारा नहीं चढ़ पाई और उसका बच्चा ट्रेन में ही रह गया। जब ट्रेन जम्मू स्टेशन पहुंची, तो मुख्य टिकट निरीक्षक ने प्लेटफार्म पर बच्चे को अकेले रोते हुए देखा। पूछताछ में पूरी स्थिति स्पष्ट हुई। इसके बाद कठुआ स्टेशन को संदेश भेजा गया और बच्चे को राजकीय रेलवे पुलिस की सुरक्षा में रखा गया।
इस मामले में रेल प्रशासन ने महिला को अगली ट्रेन से जम्मू भेजा और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया। महिला ने रेलवे और टिकट चेकिंग स्टाफ का आभार व्यक्त किया। वहीं, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि चेकिंग स्टाफ की मुस्तैदी ने एक मासूम बच्चे को उसकी मां से मिलवाया।