अप्पर भड्डू पंचायत के वार्ड नंबर 6 को जोड़ने वाली सड़क पर बने गहरे गड्ढे। स्रोत जागरूक पाठक।
बिलावर। अप्पर भड्डू पंचायत के वार्ड 6 को जोड़ने वाली सड़क पर बने गहरे गड्ढों की वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समाजसेवी देश राज रैना ने बताया कि दो किलोमीटर लंबी सड़क के किनारे पानी की निकासी के लिए बनाई गई नालियों में मलबा भरने से नालियां बंद हो गई हैं। इसकी वजह से पानी की निकासी नहीं हो पाती है। उन्होंने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशान होना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने 15 साल पूर्व सड़क का निर्माण करके सड़क को पक्का किया था लेकिन देखरेख के अभाव में सड़क पूरी तरह से उखड़ चुकी है। उन्होंने बताया कि इसी सड़क के रास्ते हर दिन आईटीआई कॉलेज भड्डू और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कई विद्यार्थी पढ़ाई करने के लिए आते जाते हैं जिन्हें सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण परेशान होना पड़ता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द अप्पर भड्डू पंचायत के वार्ड नंबर 6 को जोड़ने वाली सड़क की मरम्मत करवाई जाए। इससे लोगों को राहत मिल सके।
कोट
समस्या संज्ञान में है। सड़क की मरम्मत करवाने के लिए एस्टीमेट बनाकर उच्च अधिकारियों को सौंप दिया है।
- विशाल सिंह, एई लोक निर्माण विभाग