नेत्र जांच शिविर के लिए जांच करते हुए संवाद
कठुआ। दूरदराज के क्षेत्र में लोगों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए महानपुर में निशुल्क मेडिकल स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। शनिवार को पूर्व सरपंच सोनू गुप्ता एवं उनके सहयोगियों की पहल पर 624 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाईं और वहां मौजूद विभिन्न प्रकार की जांच सुविधा का लाभ उठाया।
इस शिविर में जम्मू-कश्मीर के जाने-माने चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी, जिसमें हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश गुप्ता, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज महाजन के अलावा डॉ. शैली और डॉ. सुनीता ने पैरामेडिकल टीम के साथ लोगों की जांच की। इस मौके पर आने वाले मरीजों की लीवर संबंधी जांच, किडनी के टेस्ट, ब्लड के सभी प्रकार के टेस्ट, न्यूरो संबंधी जांच और हृदय रोगों से जुड़ी सभी जांचें निशुक्ल की गई।
कार्यक्रम के समापन पर सरपंच सोनू गुप्ता ने आए हुए सभी डॉक्टरों और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीण जनता के लिए अत्यंत लाभकारी हैं और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।