- 232 रक्तदाताओं के साथ-साथ 41 ऐसे सहयोगियों को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
कठुआ। रक्तदान के माध्यम से पिछले 8 साल से लोगों की कीमती जान बचा रहे जेके ब्लड डोनर्स वेलफेयर सोसायटी की ओर से रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शनिवार को बरनोटी स्थित निजी पैलेस में आयोजित समारोह के दौरान संस्था ने 232 रक्तदाताओं के साथ-साथ 41 ऐसे सहयोगियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया जिन्होंने मानवता की सेवा के लिए अपना योगदान दिया।
डीआईजी कठुआ-सांबा रेंज शिवकुमार शर्मा ने युवा पीढ़ी से नशे की बुराई से दूर रहकर रक्तदान जैसे जीवन को देने वाले कार्य को करने के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस मौके पर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ब्लड डोनर्स के उपाध्यक्ष विक्रांत डोगरा ने जनसेवा के लिए सोसायटी की ओर से किए जा रहे प्रयास को सराहा। इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित डीसी कठुआ राजेश शर्मा, एसएसपी मोहित शर्मा, जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर विजय रैना और जीएमसी कठुआ के प्रधानाचार्य डॉक्टर सुरेंद्र कुमार अत्री ने सोसायटी के सभी सदस्यों का आभार जताया।
वरिष्ठ सदस्य संदीप मल्होत्रा ने बताया कि लोगों को जीवन दान देने वाले इस रक्तदान के लिए उनका प्रयास लगातार जारी है जिसमें अब तक 65 अलग-अलग शिविरों का आयोजन कर 5000 से ज्यादा यूनिट रक्त इकट्ठा किया गया है। उन्होंने बताया कि समारोह में उन्होंने रक्तदान के आगे आने वाले अपने जितने सहयोगियों को सम्मानित किया है वह कुल रक्तदाताओं का एक छोटा सा हिस्सा है। उन्होंने बताया कि समाज में रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए सोसायटी के सदस्य लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं।