एसबीआई आरएसएसईटीआई की ओर से आयोजित मेले का निरीक्षण करते बैंक अधिकारी विज्ञप्ति
कठुआ। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कठुआ द्वारा एग्री एंड एमएसएमई क्रेडिट सेंटर कठुआ के सहयोग से उनके परिसर में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बाजार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अमित श्रीवास्तव, क्लस्टर मैनेजर एग्री एंड एमएसएमई क्रेडिट सेंटर कठुआ अमन जसरोटिया, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर कठुआ तथा संस्थान के निदेशक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस बाजार के माध्यम से संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को अपने हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रदर्शित करने और बिक्री के लिए मंच प्रदान किया गया। कार्यक्रम में हस्तशिल्प, कढ़ाई, बुनाई, घरेलू सजावटी वस्तुएं, आभूषण, बैग और अन्य स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे आमजन ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि अमित श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल स्वरोजगार को बढ़ावा देते हैं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन भी प्रदान करते हैं। उन्होंने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कठुआ की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान द्वारा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किया गया कार्य सराहनीय है।
वहीं, अमन जसरोटिया ने अपने संबोधन में कहा कि बैंकिंग क्षेत्र और प्रशासन मिलकर यदि इस तरह के प्रयास करें तो आत्मनिर्भर समाज की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे प्रशिक्षण लेकर अपने हुनर को व्यवसाय में बदलें और दूसरों के लिए भी प्रेरणा बनें।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, प्रशिक्षित उद्यमियों, बैंक अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही। बाजार में बिक्री के साथ‑साथ जागरूकता भी फैलाई गई कि कैसे स्वरोजगार नशे के खिलाफ एक सशक्त विकल्प बन सकता है।