पला मोड़ में आयोजित वार्षिक दंगल में भिड़ते पहलवान और देखते दर्शकसंवाद
पलां मोड़ स्थित पीर डडोर की जियारत पर जारी तीन दिवसीय वार्षिक कार्यक्रम का समापन
कठुआ। कंडी क्षेत्र के पलां मोड़ स्थित पीर डडोर की जियारत पर जारी तीन दिवसीय वार्षिक कार्यक्रम का समापन हो गया है। कार्यक्रम के अंतिम दिन परंपरा के अनुसार वहां छिंज मेले का आयोजन हुआ। इसमें पंजाब के पहलवान बारूदीन ने 21 हजार रुपये की बड़ी माली अपने नाम कर ली।
छिंज मेले में पड़ोसी राज्य पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के साथ ही स्थानीय पहलवानों ने शिरकत की। भीषण ठंड के बावजूद मेला स्थल पर जमा लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस कारण वहां आए पहलवानों ने भी अपने दांव पेंचों से आनंदित किया। छिंज मेले के समापन पर आयोजकों की ओर से 21 हजार के इनाम वाली बड़ी माली का आयोजन किया गया। इसमें पड़ोसी राज्य पंजाब से पहलवान बारूदीन का मुकाबला फरियाद अली के बीच हुआ। काफी रोमांचक रहे इस मुकाबले के अंत में बारूदीन ने फरियाद अली को पटखनी देकर माली अपने नाम कर ली जबकि छोटी माली का मुकाबला स्थानीय पहलवान मुराद अली और जम्मू के पहलवाल जावेद के बीच हुआ 15 हजार के इनाम वाली इस माली में जावेद ने जीत अपने नाम की। इसके बाद आयोजकों ने विजेता पहलवानों को इनाम की राशि देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर विशेष रूप से पहुंचे पीर बाबा के मुरीद सुनील मजोत्रा ने बताया कि हिंदू और मुस्लिम एकता की अपनी अलग पहचान रखने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का हर साल आयोजन किया जाता है। इसमें पहले दिन पीर के हिंदू भक्तों ने ध्वजारोहण करने के बाद भंडारे का आयोजन किया। वहीं, दूसरे दिन मुस्लिम समुदाय की ओर से भंडारा आयोजित किया जाता है। समापन पर इस छिंज मेले का आयोजन बुजुर्गों के समय से किया जाता रहा है। इन तीनों दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम के दौरान यहां लगने वाला मेला लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र होता है।