मुख्य कृषि अधिकारी मशरूम यूनिट का निरीक्षण करते हुए।
- फोटो : kathua news
कठुआ। जिले के मुख्य कृषि अधिकारी जितेंद्र कुमार ने कृषि उप-मंडल कठुआ के कृषि क्षेत्र गोविंदसर का दौरा किया। सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी मुरारी डिगरा के साथ दौरे के दौरान उन्होंने क्षेत्र में किसानों द्वारा इस्तेमाल की जा रही आधुनिक कृषि पद्धतियों का आकलन किया। वहीं, किसानों को नवीनतम तकनीक से अवगत भी करवाया।
अपने दौरे के दौरान उन्होंने जंगलोट और खरोट गांव में किसानों की तरफ से लगाई गई पाश्चराइज्ड कम्पोस्ट निर्माण इकाई, नियंत्रित फसल उत्पादन इकाई (मशरूम), हाई-टेक पॉली हाउस यूनिट्स और मशरूम शेड्स का निरीक्षण करते हुए किसानों द्वारा किए जाने वाले उत्पादन से जुड़ी जानकारी ली और उनकी समस्याओं को भी सुना।
उन्होंने पॉली हाउस का उपयोग करने वाले किसानों को अधिक लाभ कमाने के लिए वहां विदेशी सब्जियों को उगाने के लिए प्रेरित किया। जिसके लिए किसानों को विभाग की ओर से हर तरह का तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इस निरीक्षण के दौरान उप-मंडल कृषि अधिकारी कठुआ, कृषि विस्तार अधिकारी कठुआ और विभाग के अन्य क्षेत्रीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।