कठुआ। नगरी कस्बा के वजूह खेल मैदान में वार्षिक दंगल में बड़ी माली का मुकाबला बराबरी पर रहा। 31 हजार के इनाम वाले इस मुकाबले में जम्मू के पहलवान शमशेर और अजनाला (पंजाब) के पहलवान सागर के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। वहीं दंगल के दौरान हुई छोटी माली का मुकाबला उधमपुर मजालता के पहलवान विजय के नाम रहा है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी पंजाब के पहलवान कालू पत्थरवाला को पटखनी देकर 21 हजार रुपये इनाम जीत लिया।
रविवार को शहीदों की याद में आयोजित होने वाले दंगल का शुभारंभ देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने के साथ किया गया। इसके बाद वार्षिक दंगल में मुकाबलों के दौर शुरू हुए। इसमें स्थानीय पहलवानों के साथ पड़ोसी राज्य पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के पहलवानों ने अपने जौहर दिखाए। इस दौरान ढोल की थाप और मैदान में जमा हजारों खेल प्रेमियों के उत्साहवर्धन के चलते पहलवानों ने भी खूब दमखम का प्रदर्शन किया।
दंगल में मुख्य आकर्षण महिलाओं के बीच हुए मुकाबले रहे। इसमें हरियाणा और पंजाब से आई प्रतिभागियों ने अपने खेल से लोगों की वाहवाही लूटी। इस कारण देर शाम तक चले इस आयोजन में दर्शकों को सौ से ज्यादा मुकाबले देखने का अवसर मिला। अंत में दंगल कमेटी की ओर से दंगल में हिस्सा लेने वाले सभी पहलवानों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन से जुडे अर्पण वर्मा ने बताया कि दंगल में जम्मू, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से आए पहलवानों ने अपने जौहर दिखाए।