कठुआ। जिला पुलिस मैदान में कठुआ प्रीमियर लीग का आयोजन जारी है। प्रतियोगिता के दौरान स्टेडियम इलेवन कठुआ और आरबीटी इलेवन लखनपुर के बीच मैच खेला गया। इस एक तरफा मैच में स्टेडियम इलेवन की टीम ने जीत अपने नाम की है।
शनिवार को खेले गए मैच में टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्टेडियम इलेवन की टीम ने निधार्रित 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 153 बनाए। इसमें टीम के धुरंधर बल्लेबाज अरविंद ने 39 गेंदों का सामना करते हुए 42 रन बनाए। वहीं पंकज ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 21 गेंदों पर 36 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी में आरबीटी इलेवन लखनपुर के सबसे सफल गेंदबाज गुरमीत रहे, जिन्होंने 3 विकेट हासिल किए। वहीं शिवम ने भी दो बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
154 रनों के बड़े लक्ष्य को हासिल करने उतरी आरबीटी इलेवन लखनपुर की पूरी टीम स्टेडियम इलेवन की घातक गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। एक के बाद एक विकेट पतन के कारण पूरी टीम 11.1 ओवरों में 55 रनों पर सिमट गई। इस दौरान टीम के बल्लेबाज अक्षित एक मात्र ऐसे खिलाड़ी रहे, जिन्होंने 21 गेंदों में 28 रनों की पारी को खेलकर टीम की हार के अंतर को कम किया। इस पारी में स्टेडियम इलेवन के सबसे सफल गेंदबाज जतिंदर रहे, जिन्हाेंने अपने कोटे के चार ओवर में विपक्षी टीम के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाते हुए अपनी टीम को जीत की ओर बढ़ाया। वहीं अरविंद और जसकरण ने भी दो-दो विकेट हासिल किए। इस मैच में जतिंदर को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया।
16 टीमों के बीच होने वाली इस प्रतियोगिता के आयोजकों ने बताया कि रविवार से प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरू हो रहे हैं। इसमें पहले दिन सुबह के सत्र में महादेव राइडर्स इलेवन और यंग गंस इलेवन के बीच मैच होगा। जबकि दोपहर के बाद से सत्र में स्टेडियम इलेवन कठुआ और गढ़ क्रिकेट क्लब बिलावर के बीच मुकाबला करवाया जाएगा।