कठुआ। शहर से सटे गांव चन्नग्रां के खेल मैदान में जारी गुज्जर क्रिकेट प्रतियोगिता रविवार को संपन्न हो गई। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला टीम कठुआ ने जीतकर चैंपियन का खिताब हासिल किया। टीम कठुआ ने गुज्जर एकता टीम को शिकस्त दी। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य गुज्जर समुदाय के युवाओं के बीच खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
रविवार को गुज्जर यूथ फोरम जम्मू कश्मीर की ओर से करवाई जा रही प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गुज्जर एकता टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। टीम ने पांच ओवरों के मुकाबले के दौरान चौथे ओवर में 36 रन बनाकर अपने सभी विकेट गवां दिए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी टीम कठुआ ने मात्र एक विकेट खोकर तीसरे ओवर में जीत हासिल कर ली।
इस मौके पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक डॉ. भारत भूषण ने विजेता और उपविजेता टीम को सम्मानित किया। वहीं, पूरी प्रतियोगिता के दौरान गेंद और बल्ले से हरफनमौला प्रदर्शन करते वाली टीम कठुआ के खिलाड़ी जाफर खान को प्रोत्साहित किया। उन्होंने इस तरह की प्रतियोगिताओं का समय-समय पर आयोजन किए जाने की बात कही, ताकि गुज्जर समुदाय के युवाओं को भी आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें। फाइनल मुकाबले में अंतर राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी रियाज अली और मलूम अली भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मौजूद रहे।