कठुआ। जिले में डेंगू के बढ़ने के मामले का क्रम लगातार बना हुआ है। वीरवार को आठ नए डेंगू के मरीज मिलने के साथ अब तक जिले में डेंगू के पॉजिटिव पाए गए मरीजों की संख्या 729 हो चुकी है।
जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब तक पाए गए 729 मरीजों में 636 पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 11 मरीज जम्मू कश्मीर से बाहर अपना इलाज कराने गए हैं। लिहाजा जिले में 82 डेंगू के सक्रिय मरीज मौजूद हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सामने आए आठ मामलों में दो कठुआ शहर से हैं। जिनमें वार्ड नंबर 10 में एक 32 वर्षीय व्यक्ति और वार्ड नंबर 17 में 43 वर्षीय व्यक्ति डेंगू पॉजीटिव पाया गया है। इसके अलावा खोख्याल गांव में 30 वर्षीय महिला, अमाला में 17 वर्षीय किशोरी, लच्छीपुर में 23 वर्षीय महिला, बरवाल में 26 वर्षीय महिला, बसोहली में 23 वर्षीय युवक, देवल में 24 वर्षीय युवा डेंगू पॉजीटिव पाए गए हैं। उधर डेंगू के पॉजिटिव पाए गए चार मरीजों में से तीन को जीएमसी कठुआ और एक को उपजिला अस्पताल बिलावर में उपचार दिया जा रहा है। अन्य डेंगू मरीजों को उपचार की सभी सुविधाएं उनके घर पर ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी सोहनलाल ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए विभाग हर संभव यत्न कर रहे हैं। जिसमें जगह-जगह लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग की 12 टीमें इसके लिए तैनात की गई हैं। जो लोगों के घरों व आसपास के इलाके में एंटी लारवा दवा का छिड़काव कर रही हैं, इसके अलावा अगर कोई बुखार से पीड़ित पाया जा रहा है तो उसके खून के सैंपल भी लिए जा रहे हैं, ताकि उनकी जांच कर उचित इलाज उपलब्ध करवाया जा सके।