हीरानगर। सब सेंटर ठाकुरपुर में आयुष आरोग्य मंदिर की नई इमारत का निर्माण इसी सप्ताह शुरू होगा। 92 लाख की लागत से बनने वाली यह इमारत स्थानीय लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगी। इमारत में तीन से चार कमरे होंगे, जिनमें मरीजों की देखभाल के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा इसमें दवाइयों का भंडारण, परामर्श कक्षा और अन्य आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की योजना बनाई गई है।
कैपेक्स बजट के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग की ओर से इस इमारत को तैयार किया जाएगा। क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है जिससे न सिर्फ इस क्षेत्र को लाभ होगा बल्कि इससे जुड़ते कई गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।
इस इमारत के निर्माण कार्य के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है और इसी सप्ताह इसके निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
पुरानी इमारत को लोक निर्माण विभाग ने असुरक्षित घोषित कर दिया है। अब आयुष आरोग्य मंदिर इमारत का निर्माण कार्य होगा जिसमें स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इमारत में तीन से चार कमरे, लॉबी और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
-डॉ स्वामी शरण, बीएमओ हीरानगर।
-
करीब 92 लाख की लागत से यह इमारत बनेगी। पुरानी असुरक्षित इमारत को स्टोर के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। नई इमारत का कार्य इसी सप्ताह शुरू हो जाएगा। ठेकेदार ने सब सेंटर के आसपास की सफाई का काम शुरू कर दिया है।
-मोहम्मद कबीर, एईई लोक निर्माण विभाग।