कठुआ। जिले में पिछले चौबीस घंटों में अलग-अलग सड़क हादसों में दो महिलाओं सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनका उपचार सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) कठुआ में जारी है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहला मामला बुधवार की दोपहर लोगेट मोड़ के नजदीक सहार खड्ड का है। इसमें 55 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति किसी अज्ञात तेज रफ्तार कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार जीएमसी कठुआ में जारी है। घायल व्यक्ति की पहचान स्वर्ण सिंह पुत्र मस्तान सिंह निवासी जंगलोट के रूप में हुई है।
दूसरा मामला नगरी क्षेत्र में बीते मंगलवार की रात का है। इसमें मोटरसाइकिल पर बैठी दो महिलाएं को लोड कैरियर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। गनीमत यह रही कि मोटरसाइकिल चालक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा हैं। घटना के बाद घायल महिलाओं को उपचार के लिए उपजिला अस्पताल नगरी लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया। घायल महिलाओं की पहचान 50 वर्षीय निशा देवी पत्नी हेमराज निवासी कल्याणपुर नगरी और 60 वर्षीय सुरिष्ठा देवी पत्नी बिशन दास निवासी नगरी के रूप में हुई है।
एक अन्य मामला हीरानगर क्षेत्र का है। इसमें 22 वर्षीय युवक दीपक वर्मा पुत्र तरसेम लाल निवासी हीरानगर अनियंत्रित मोटरसाइकिल से गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को उपचार के लिए उपजिला अस्पताल हीरानगर लाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक सभी घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।